विशेष संवाददाता | लालकुआँ/नैनीताल
उत्तराखण्ड के नैनीताल जनपद स्थित नगर पंचायत लालकुआँ मेंअधिशासी अधिकारी आई. एस. रावत द्वारा GeM पोर्टल के माध्यम से लगभग ₹26.83 लाख की विद्युत एवं सोलर सामग्री की खरीद को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी आई. एस. रावत के विरुद्ध निदेशक शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखण्ड शासन सहित विभिन्न उच्च अधिकारियों को विस्तृत शिकायत भेजी गई है, जिसमें बाजार मूल्य से कई गुना अधिक दरों पर खरीद, तकनीकी दस्तावेजों में कथित अनियमितताओं तथा सरकारी धन के संभावित दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायत की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन, सचिव शहरी विकास विभाग, कुमाऊँ आयुक्त, जिलाधिकारी नैनीताल, मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत लालकुआं को भी भेजी गई है।
शिकायत के अनुसार GeM Contract No. GEMC-511687746609234 दिनांक 17 जून 2026 के अंतर्गत Plaza Cable, Solar Light, Solar Panel एवं अन्य विद्युत सामग्री की खरीद लगभग ₹26.83 लाख में की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कई वस्तुओं की खरीद बाजार मूल्य की तुलना में अत्यधिक दरों पर की गई, जिससे सरकारी धन को भारी वित्तीय हानि हुई।
₹230 प्रति मीटर केबल खरीद पर सवाल……….
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि Plaza 2 Core 1.5 Sq.mm Copper Cable को लगभग ₹230 प्रति मीटर की दर से खरीदा गया, जबकि शिकायतकर्ता का दावा है कि समान श्रेणी की केबल बाजार में कहीं कम कीमत पर उपलब्ध थी। इसी प्रकार 96 सोलर लाइट एवं 96 सोलर पैनलों की खरीद में भी बाजार दरों की तुलना में अधिक भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है।
ब्रांड और मॉडल की जानकारी पर भी प्रश्न…..
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि GeM अनुबंध में कई वस्तुओं के सामने Brand, Model, Catalogue एवं HSN का विवरण “NA” अंकित है। उनका कहना है कि इससे खरीदी गई सामग्री की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर भी प्रश्नचिह्न खड़े होते हैं।
RTI के जरिए मांगे गए अहम दस्तावेज….
मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 के तहत विस्तृत RTI आवेदन भी दायर किया गया है। इसमें प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति, Estimate, BOQ, Comparative Statement, Technical Evaluation Report, OEM Authorization, Inspection Report, File Noting, भुगतान अभिलेख, Manufacturer Invoice, Market Survey Report सहित दस्तावेजों की मांग की गई है।
- पूर्व कार्यकाल भी रहा विवादों में………..
वर्तमान विवाद के बीच अधिशासी अधिकारी श्री आई. एस. रावत का पूर्व कार्यकाल भी चर्चा का विषय बन गया है।
शिकायतकर्ता का दावा है कि इससे पहले नगर पंचायत कालाढूंगी में अधिशासी अधिकारी के रूप में कार्यरत रहने के दौरान भी सोलर स्ट्रीट लाइट एवं स्ट्रीट लाइट की खरीद में बाजार दरों से कई गुना अधिक कीमत पर खरीद किए जाने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार—
1- इस मामले में शासन स्तर पर जांच प्रारंभ की गई थी।
2- जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा एक विशेष जांच समिति गठित की गई थी।
3- शिकायतकर्ता का दावा है कि जांच समिति की कार्रवाई के दौरान खरीद आदेश निरस्त होने से नगर पंचायत के लाखों रुपये के संभावित व्यय को रोका जा सका।
4- हालांकि, शिकायतकर्ता के अनुसार इस जांच की अंतिम रिपोर्ट अभी तक सार्वजनिक नहीं हुई है।
यदि यह जानकारी जांच में सही पाई जाती है, तो यह लगातार दूसरी बार होगा जब अधिशासी अधिकारी के कार्यकाल में सरकारी खरीद प्रक्रिया को लेकर गंभीर प्रश्न उठे हैं। वहीं यदि जांच में आरोप सिद्ध नहीं होते हैं, तो संबंधित अधिकारी का पक्ष भी स्पष्ट होगा।
जांच पूरी होने तक उठ रहे हैं कई सवाल………
यह पूरा मामला अब केवल एक खरीद तक सीमित नहीं रह गया है। यदि शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह सार्वजनिक धन के उपयोग, खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़ा गंभीर मामला बन सकता है। दूसरी ओर, यदि जांच में आरोप असत्य पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों को भी स्पष्ट राहत मिलेगी।
समाचार प्रकाशित किए जाने तक नगर पंचायत लालकुआँ अथवा अधिशासी अधिकारी श्री आई. एस. रावत की ओर से इस शिकायत पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं थी। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
